चौधरी चरण सिंह अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट के बेड़े में कई साल बाद नई घरेलू एयरलाइन जुड़ेगी। अब यहां से एयर एशिया पांच शहरों को सीधी उड़ान सेवा शुरू करने जा रही है। यह उड़ान पांच अगस्त से दिल्ली, बेंगलुरु, मुंबई, कोलकाता और गोवा के लिए शुरू होंगी। अभी प्रतिदिन 100 घरेलू व अंतरराष्ट्रीय उड़ानों का संचालन लखनऊ एयरपोर्ट से होता है। जिनमें बड़ा हिस्सा घरेलू विमान कम्पनी इंडिगो एयरलाइन का है। जानकार मानते हैं कि सालाना करीब 55 लाख यात्री लखनऊ से इन शहरों की हवाई यात्रा करते हैं। लखनऊ एयरपोर्ट से नई उड़ान शुरू होने से प्रतिस्पर्धा भी बढ़ेगी।

एयर एशिया की लखनऊ से दिल्ली के लिए तीन, बेंगलुरु के लिए दो और मुंबई, कोलकाता व गोवा के लिए रोजाना एक-एक उड़ान रवाना होगी। एयर एशिया की दिल्ली की उड़ान सुबह 9:05 बजे, रात 8:40 और अंतिम उड़ान रात 11:45 बजे रवाना होगी। इसी तरह बेंगलुरु की फ्लाइट सुबह 9:45 और शाम 4:55 बजे उड़ान भरेगी। मुंबई की उड़ान शाम 4:05 बजे, कोलकाता सुबह 10:50 और गोवा की फ्लाइट दोपहर 2:50 बजे रवाना होगी। वापसी में दिल्ली से लखनऊ के लिए एयर एशिया की उड़ान सुबह 7:20 बजे, दोपहर एक और रात 10:15 बजे रवाना होगी। जबकि बेंगलुरु से सुबह 6:50 और दोपहर दो बजे, मुंबई से दोपहर 1:20 बजे, कोलकाता से सुबह 8:40 बजे और गोवा से शाम 5:45 बजे उड़ान लखनऊ को रवाना होगी।
इन शहरों को मिलेगी कनेक्टिंग फ्लाइटः एयर एशिया लखनऊ से जयपुर, कोच्चि, रांची, श्रीनगर, गुवाहाटी के लिए कनेक्टिंग फ्लाइट भी उपलब्ध कराएगी।
